टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने दिया इस्तीफा
इंग्लैंड सीरीज के दौरान बीसीसीआई को बताया था फैसला
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इंग्लैंड दौरे के दौरान ही बीसीसीआई को अपने फैसले की जानकारी दे दी थी। अब टेन डोशेट आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स के कोचिंग स्टाफ से दोबारा जुड़ेंगे। इंग्लैंड सीरीज में भारतीय टीम टी-20 और वनडे सीरीज हार गई थी। इससे पहले टीम को आयरलैंड ने पहली बार 2-0 से हराया था। नीदरलैंड के पूर्व कप्तान टेन डोशेट 2024 टी-20 वल्र्ड कप के बाद गौतम गंभीर के हैड कोच बनने पर सपोर्ट स्टाफ में शामिल हुए थे।
टीम में वह बल्लेबाजी और फील्डिंग, दोनों विभागों में जिम्मेदारी निभा रहे थे। टेन डोशेट के कार्यकाल में भारत ने 2025 एशिया कप और 2026 टी-20 वल्र्ड कप जीता। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। भारत ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी हार गया, जबकि घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड (3-0) और साउथ अफ्रीका (2-0) से टेस्ट सीरीज गंवाई। दूसरी ओर अजीत अगरकर की बात करें, तो उन्हें 2023 में चीफ सिलेक्टर बनाया गया था। उनका कार्यकाल साल 2026 में ही समाप्त होने वाला था, लेकिन 2027 वनडे वल्र्ड कप के प्लान को देखते हुए उनका कार्यकाल 2027 वल्र्ड कप तक बढ़ा दिया गया है।
गंभीर 2027 वल्र्ड कप तक कोच रहेंगे
गौतम गंभीर जुलाई, 2024 में हैड कोच बने थे। उनका कार्यकाल लगभग साढ़े तीन साल लंबा चलने वाला है। वह दिसंबर, 2027 तक हेड कोच पद पर बने रहेंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

