मोजे में चढ़ावा चोरी के नोट छिपाकर ले जाते थे आरोपी, पुलिस ने रिकवर किए डिलीट किए गए सीसीटीवी फुटेज
आरोपी अविनाश शुक्ला ने गर्लफ्रेंड पर लुटाए लाखों
भाई का खुलासा, नोटों से भरा बैग ले ते देख था
एजेंसियां — अयोध्या
अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने आईटी एक्सपट्र्स की मदद से डिलीट किए गए सीसीटीवी फुटेज रिकवर कर लिए हैं। सूत्रों के मुताबिक फुटेज में आरोपी मोजों और जेब में नोट छिपाकर ले जाते दिख रहे हैं। हालांकि, चढ़ाव चोरों के चेहरे साफ नहीं दिख रहे हैं। उधर, जांच में जुटी पुलिस और एसआईटी के हाथ अब मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला के बैंक खातों और लेन-देन से जुड़े नए सबूत लगे हैं। पता चला है कि अविनाश ने पिछले कुछ समय में 15 लाख रुपए से ज्यादा के संदिग्ध ट्रांजैक्शन किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी अविनाश शुक्ला ने अपनी एक महिला मित्र को करीब दो लाख रुपए कैश और एक बेहद महंगा स्मार्टफोन गिफ्ट किया था।
जांच एजेंसियां इस महिला मित्र से भी पूछताछ की तैयारी कर रही हैं। इसी बीच अविनाश के सगे भाई अभिषेक ने भी पुलिस के सामने एक बड़ा राज उगला है। अभिषेक के मुताबिक, उसने अपनी ड्यूटी खत्म होने के बाद अविनाश को एक योग सेंटर में नोटों से भरा बैग ले जाते हुए देखा था। जब भाई अभिषेक ने अविनाश से इतने सारे पैसों के बारे में पूछा, तो अविनाश बात टाल गया। भाई के बार-बार पूछने पर वहां मौजूद दूसरे आरोपी अनुकल्प मिश्रा ने बीच-बचाव करते हुए कहा कि यह पैसा भक्तों ने खुश होकर दर्शन कराने और मदद के बदले दिया है। इसके साथ ही अनुकल्प ने अभिषेक को दोबारा इस बारे में मुंह न खोलने की सख्त हिदायत भी दे डाली थी।
पांच आरोपियों से पूछताछ
अयोध्या पुलिस को चढ़ावा चोरी के मामले में अदालत से जेल में बंद पांच और आरोपियों से पूछताछ करने की मंजूरी मिल गई है। अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, राम शंकर यादव, करुणेश पांडे और मनीष यादव से रविवार से जेल परिसर के भीतर ही आमने-सामने बिठाकर तीखे सवाल-जवाब शुरू कर दिए हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

