निपुण जिंदल आर्थिक मामलों के विभाग में डिप्टी सेक्रेटरी, अधिकारी को केंद्र ने सौंपी अहम जिम्मेदारी
कार्यालय संवाददाता — शिमला
हिमाचल प्रदेश कैडर के 2014 बैच के आईएएस अधिकारी निपुण जिंदल को केंद्र सरकार ने अहम जिम्मेदारी सौंपी है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के तहत नई दिल्ली स्थित आर्थिक मामलों के विभाग में डिप्टी सेक्रेटरी नियुक्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं। उनकी नियुक्ति चार वर्ष की अवधि या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, के लिए होगी। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी आदेश में हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को निर्देश दिए गए हैं कि निपुण जिंदल को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त किया जाए, ताकि वे नई दिल्ली में अपना कार्यभार शीघ्र ग्रहण कर सकें। आदेश के अनुसार अधिकारी को नियुक्ति पत्र जारी होने के तीन सप्ताह के भीतर नई जिम्मेदारी संभालनी होगी।
निपुण जिंदल की यह नियुक्ति हिमाचल प्रदेश कैडर के लिए भी महत्त्वपूर्ण मानी जा रही है। आर्थिक मामलों का विभाग केंद्र सरकार के सबसे अहम मंत्रालयों में शामिल है, जहां देश की आर्थिक नीतियों, निवेश, वित्तीय मामलों और विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए जाते हैं। ऐसे विभाग में हिमाचल कैडर के अधिकारी की नियुक्ति को प्रदेश के प्रशासनिक प्रतिनिधित्व के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। अभी तक निपुण जिंदल प्रदेश में विभिन्न विभागों में कई जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वर्तमान में एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक सहित आईटी डिपार्टमेंट में निदेशक पद पर कार्यरत हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

