एग्जाम शेड्यूल नहीं बदलेगा, खराब मौसम के बीच पीजी परीक्षाएं तय डेटशीट के अनुसार होंगी

By: Jul 20th, 2026 10:31 pm

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने प्रदेश में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश के बीच स्नातकोत्तर (पीजी) डिग्री, डिप्लोमा और अन्य पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं को निर्धारित तिथि के अनुसार संचालित करने का निर्णय लिया है। हालांकि खराब मौसम के कारण जो विद्यार्थी परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें भविष्य में परीक्षा देने का अवसर प्रदान किया जाएगा। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह निर्णय जिला दंडाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (कांगड़ा) द्वारा जारी आदेश के मद्देनजर लिया गया है।

प्रदेश में भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए यह स्पष्ट किया गया है कि परीक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी। विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्यामलाल कौशल ने कहा है कि जिन विद्यार्थियों के लिए खराब मौसम, भूस्खलन, सडक़ बंद होने या अन्य प्राकृतिक कारणों से परीक्षा केंद्र तक पहुंचना संभव नहीं होगा, उनके हितों का ध्यान रखा जाएगा। ऐसे छात्रों को भविष्य में परीक्षा देने का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उनका शैक्षणिक नुकसान न हो।

वेबसाइट पर अपडेट देखते रहें विद्यार्थी

विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों और संबंधित अधिकारियों से कहा है कि परीक्षा से जुड़े किसी भी नए निर्देश या बदलाव की जानकारी के लिए वे नियमित रूप से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें। प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति के अनुसार यदि कोई नया निर्णय लिया जाता है, तो उसकी सूचना समय पर जारी की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App