फोरलेन निर्माण के दौरान दरकी पहाड़ी

By: Jul 24th, 2026 12:48 am

भराड़ीघाट के क्यारड़ में मलबा गिरने का वीडियो वायरल, लोगों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा बढ़ाने की उठाई मांग
निजी संवाददाता-दाड़लाघाट
उपतहसील दाड़लाघाट के अंतर्गत भराड़ीघाट स्थित क्यारड़ क्षेत्र में फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान बुधवार को पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक दरक गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्थानीय लोग पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे को देखकर स्थानीय बोली में लोगों को सतर्क रहने और सडक़ पर खड़ी मशीनों को हटाने की आवाज लगाते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में एक निजी बस भी उसी दौरान घटनास्थल से गुजरती दिखाई देती है, जिससे कुछ पल के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि चालक ने सतर्कता बरती और बस सुरक्षित निकल गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या वाहन को नुकसान नहीं पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने का सिलसिला कुछ देर तक जारी रहा, लेकिन सडक़ पूरी तरह बंद नहीं हुई और वाहनों की आवाजाही सावधानी के साथ जारी रही। घटना के बाद निर्माण कंपनी के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में फोरलेन निर्माण वाले क्षेत्रों में इस तरह की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने की मांग की है। यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और इंटरनेट मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से लोगों से ऐसे क्षेत्रों से गुजरते समय सतर्कता बरतने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App