2000 और शिक्षकों की भर्ती करेगी प्रदेश सरकार

By: Jul 6th, 2026 12:08 am

मंत्री रोहित ठाकुर का दावा सरकार ने साढ़े तीन साल में 8000 को दी नियुक्ति

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 2000 शिक्षकों की नियुक्तियां की जाएंगी। शिक्षकों की यह नियुक्ति प्रक्रिया साल 2027 तक पूरी कर ली जाएगी। राज्य सरकार ने साढ़े तीन साल अपने कार्यकाल में आठ हजार शिक्षकों को स्कूलों में तैनात करने का दावा भी किया है। मंडी के देउरी स्कूल के भवन का लोकार्पण करने पहुंचे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने दावा किया है कि सरकारी स्कूल बिना शिक्षकों के नहीं रहेंगे और प्रदेश सरकार सभी पदों पर नियुक्तियां कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में साल 2027 तक कुल 2000 नए शिक्षकों की भर्तियां कर ली जाएंगी। इससे पहले सरकार ने 8000 शिक्षकों को स्कूलों में तैनात कर दिया है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2027 तक 10 हजार से अधिक शिक्षकों एवं प्राध्यापकों की नियुक्ति का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से लगभग आठ हजार नियुक्तियां पहले ही की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार हिमाचल प्रदेश के सरकारी विद्यालयों के 50 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा गया है, जिससे दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी वैश्विक अनुभव प्राप्त हो रहा है। इसके साथ ही शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

छात्रहित से समझौता नहीं

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और विद्यार्थियों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। मुख्यमंत्री सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र को और मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत वर्तमान सरकार ने 90 से 100 प्रतिशत तक बजट व्यय सुनिश्चित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश ने वर्ष 2025 में 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर हासिल कर पूर्ण साक्षर राज्यों की श्रेणी में स्थान बनाया है।

आपदा प्रभावित स्कूलों को संवारेगी सरकार

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्राकृति आपदा से प्रभावित शिक्षण संस्थानों का पुनर्निर्माण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए राज्य बजट सहित अन्य मदों से चरणबद्ध ढंग से बजट आबंटित किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App