कारगिल में 52 वीर जवानों का पराक्रम बेमिसाल
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने वरिष्ठ नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ सुनी प्रधानमंत्री के मन की बात
वरिष्ठ संवाददाता-शिमला
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को पीएम के कार्यक्रम मन की बात को शिमला में नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच सुना। उन्होंने कहा कि यह केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण का अभियान बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक माह ऐसे सामान्य नागरिकों को देश के सामने लाते हैं जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में असाधारण कार्य किए हैं, लेकिन जिन्हें कभी उचित पहचान नहीं मिल पाई। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज के ऐसे अनसुने नायकों को सम्मान मिलता है और देश के लोगों को उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारतीय संस्कृति, विरासत, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन, जनभागीदारी, स्वच्छता, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर लगातार देश का मार्गदर्शन करते हैं। यही कारण है कि मन की बात आज भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के अनेक देशों में भी सुनी जाती है और करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का माध्यम बन चुकी है। कारगिल विजय दिवस का उल्लेख करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि आज का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और सम्मान का दिन है। उन्होंने कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने पाकिस्तान को ऐसा करारा जवाब दिया जिसने पूरी दुनिया को भारत की सैन्य शक्ति, साहस और संकल्प का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे राज्य के 52 वीर जवानों ने कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देकर इतिहास रचा। प्रदेश के वीर सैनिकों ने परमवीर चक्र सहित अनेक वीरता सम्मान प्राप्त कर पूरे हिमाचल और देश का गौरव बढ़ाया। उनका बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर प्रारंभ किया गया एक पेड़ मां के नाम अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी माता के सम्मान और आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। डॉ. जनक राज, संजय सूद, कर्ण नंदा, संजीव चौहान, संजीव देशटा, चंद्रशेखर, अंजुला ठाकुर, मनोचा, शालिंदर चौहान, रमेश गंगोत्रा, नमन, श्याम शर्मा , पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

