अब तक जिला बिलासपुर में 20 करोड़ रुपए लील गई बारिश
पीडब्ल्यूडी को 19.05 करोड़, जलशक्ति विभाग को 66 लाख नुकसान, शिक्षा विभाग के 30 लाख तथा विद्युत बोर्ड के करीब दो लाख पानी में बहे
कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
जिला में बरसात के मौसम में करोड़ों का नुकसान हुआ है। लगातार हो रही बारिश लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग सहित अन्य विभागों पर भारी पड़ रही है। लोक निर्माण की सडक़ों और जल शक्ति विभाग की पेयजल और सिंचाई योजनाओं को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा शिक्षा विभाग, विद्युत बोर्ड को नुकसान हुआ है। अब जिला में करीब 20 करोड़ का नुकसान आंका गया है। संबधित विभागों की ओर से नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। साथ ही प्रशासन की ओर से बरसात के मौसम में लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। जानकारी के अनुसार बरसात के मौसम में बारिश जारी है। अभी तक मौसम विभाग की ओर से कुछ दिनों के लिए अलर्ट किया गया है। लोगों को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। बताया जा रहा है कि अब तक लगभग 20 करोड़ रूपये का नुकसान आंका गया है। जिसमें लोक निर्माण विभाग को करीब 19.05 करोड़, जलशक्ति विभाग को करीब 66 लाख रूपये, शिक्षा विभाग को करीब 30 लाख रुपये तथा विद्युत बोर्ड को करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
बरसात के कारण जिला में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत एक सडक़ बंद हैं, जिसे खोलने के लिए संबधित विभाग को निर्देश जारी किए गए है। इसके अलावा बरसात के कारण प्रभावित हुई जलशक्ति विभाग की विभिन्न पेयजल आपूर्ति योजनाओं की बहाली के लिए भी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने भू-स्खलन की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर रखा है तथा उन स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने लोगों से भी आह्वान किया है कि वह भारी बरसात के दौरान यदि बहुत आवश्यक न हो तो घर से बाहर न निकलें तथा अपनी यात्राओं को स्थगित रहें। जिला प्रशासन द्वारा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के माध्यम से मौसम तथा सडक़ों इत्यादि से संबधित जानकारी को भी समय-समय पर अपडेट किया जा रहा है।
मैहला के भू स्खलन, एप्रोच रोड बंद
स्वारघाट क्षेत्र के मैहला में रेलवे की ओर से बनाए गए एप्रोच रोड पर भूस्खलन हुआ। देखते ही देखते पहाड़ भरभराकर गिर गया। हालांकि इस दौरान संबधित कंपनी को कोई भी नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन रेलवे कंपनी द्वारा बनाया गया यह एप्रोच रोड पूरी तरह से बंद हो गया है।
बरसात के मौसम में रहें सतर्क
बरसात के मौसम के दौरान सर्पदंश के मामले भी सामने आते हैं। ऐसे में लोग घरों से बाहर निकलते समय विशेष एहतियात बरतें तथा सर्पदंश होने की स्थिति में इलाज के लिए तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान पहुंचे। इसके अतिरिक्त झील तथा नदी नालों के किनारे डूबने की घटनाएं भी सामने आती हैं। ऐसी स्थिति में भी लोग नदी नालों से दूरी बनाए रखें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

