छुट्टी होते ही स्कूल के बाहर गाडिय़ों का जाम…हर पल खतरे में बच्चें की जान
ऊना शहर में एक साथ चल रहे तीन सरकारी स्कूलों के बाहर हर रोज बन रहे हालात, सडक़ सुरक्षा के सारे दावे फेल, ट्रैफिक पर कंट्रोल करना जरूरी
नगर संवाददाता-ऊना
सडक़ सुरक्षा अभियान के जरिये बच्चों और वाहन चालकों को नियमों का पालन करने का संदेश दिया जाता है, लेकिन ऊना शहर के एक साथ चल रहे तीन सरकारी स्कूलों के बाहर हर रोज जो हालात बन रहे हैं, वे इन अभियानों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रहे है। स्कूल की छुट्टी के समय सडक़ के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग जाती हैं। तेज रफ्तार वाहन लगातार गुजरते रहते हैं और करीब 1500 स्कूली बच्चों को इन्हीं वाहनों के बीच सडक़ पर चलकर घर जाना पड़ता हैं। ऐसे में बच्चों के साथ कभी भी कोई बड़ा हो सकता है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना-1, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना-2 तथा राजकीय प्राइमरी स्कूल ऊना शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्र में स्थित हैं। तीनों स्कूलों में प्रतिदिन करीब 1500 से अधिक विद्यार्थी पढऩे आते हैं। दोपहर करीब तीन बजे छुट्टी होने पर कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की चपेट में आ जाता है। स्कूल के मुख्य द्वार के सामने स्थानीय व्यापारियों व कर्मचारियों के वाहन सुबह से लेकर शाम तक सडक़ पर ही खड़े रहते है। इससे सडक़ की चौड़ाई कम हो जाती है और पैदल चलने के लिए सुरक्षित जगह नहीं बचती। छोटे-छोटे बच्चों को मजबूरन सडक़ के बीच या किनारे से गुजरना पड़ता है। इसी दौरान सडक़ पर कारें, टै्रक्टर व दोपहिया वाहन निकलते हैं, जिससे हर पल दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। अभिभावकों को भी छुट्टी के समय बच्चों को घर ले जाना किसी चुनौती से कम नहीं होता। कई बार छोटे बच्चे अचानक सडक़ पार करने लगते हैं और दूसरी ओर तेज रफ्तार वाहन आते रहते हैं।
ट्रैफिक प्रबंधन से सुरक्षित होंगे बच्चे
बच्चों की सुरक्षा किसी भी शहर की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है। यदि स्कूल के बाहर ही सुरक्षित माहौल उपलब्ध नहीं होगा तो सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान अपने उद्देश्य को पूरी तरह हासिल नहीं कर पाएंगे। ऐसे में जरूरत केवल अपीलों की नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी और स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन लागू करने की है।
वीआईपी प्रोग्राम तक ही मेंटेन रहती है व्यवस्था
स्कूल मैदान में जब भी कोई वीआईपी कार्यक्रम होता है, तब प्रशासन और पुलिस पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करवा देते हैं। सडक़ किनारे खड़े वाहन हटा दिए जाते हैं और ट्रैफिक भी व्यवस्थित रहता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

