लढयानी में कटिंग-टेलरिंग-ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण

By: Jul 24th, 2026 12:50 am

पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किया शुभारंभ
निजी संवाददाता-भराड़ी
ग्रामीण महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में चेतना संस्था ने एक और सराहनीय पहल करते हुए घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गतवाड़ के लढयानी गांव में जन शिक्षण संस्थान व मिनिस्ट्री ऑफ स्किल डेवलपमेंट के सहयोग से दो नि:शुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर शुरू किए हैं। इनमें कटिंग-टेलरिंग और ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविरों का शुभारंभ पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र गर्ग ने किया। इस अवसर पर राजेंद्र गर्ग ने कहा कि चेतना संस्था की संस्थापक डॉ. मल्लिका नड्डा के नेतृत्व में संस्था महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। संस्था ग्रामीण महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का सफल प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर महिलाओं और युवतियों को स्वरोजगार से जोडऩे के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और आर्थिक सशक्तिकरण को भी नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं, बल्कि समाज में अपनी अलग पहचान भी बना सकती हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं और युवतियों से पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण लेकर उसका लाभ उठाने का आह्वान किया। चेतना संस्था के निदेशक अरुण गौतम ने बताया कि दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरी तरह नि:शुल्क हैं। इनमें अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा आधुनिक तकनीकों के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App