टायलट पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे राहगीर
हल्की बारिश में ऑकलैंड टनल के पास हादसा, 250 दरख्त गिरने की कगार पर
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला में मानसून के साथ पेड़ों को गिरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। रविवार को हल्की बारिश के चलते ऑकलैंड टनल के समीप बने शौचालय के ऊपर अचानक पेड़ गिर गया। गनिमत रही कि इस पेड़ के गिरने से कोई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि जिस समय यह पेड़ गिरा उस समय यहां रास्ते से लोग गुजर रहे थे। लेकिन पेड़ गिरने का जैसे ही पता चला लोग पहले ही साइड हट गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि शौचालय की सफाई व्यवस्था रखने वाला कर्मचारी अंदर ही बैठा था और पेड़ गिरने के बाद वह बाहर निकला है।
पेड़ काफी विशाल था और यह पेड़ बीच से टूटकर गिरा है। ऐसे में शौचालय की छत को थोड़ा ही नुकसान हुआ है। हैरत इस बात की है कि यह पेड़ पहले से ही गिरने की कगार में था। प्रशासन को इसके बारे में जानकारी भी थी बावजूद इसके भी यह पेड़ नहीं हटाया गया। आलम यह है कि शिमला शहर में करीब 250 पेड़ घरों को खतरा बने हैं। इन पेड़ों को नगर निगम की ट्री कमेटी हर साल चिन्हित करते हैं और बरसात में इन चिन्हित पेड़ों में से ही कई पेड़ गिर जाते हैं और लोगों को नुकसान पहुंचता है। लेकिन लोगों के आग्रह पर भी इन पेड़ों को नहीं काटा जाता है। हालांकि नगर निगम प्रशासन स्वयं इन पेड़ों को काटने का आग्रह प्रदेश सरकार की ट्री कमेटी से करते हैं लेकिन ट्री कमेटी नियमों के अनुसार ही पेड़ों की लॉपिंग और काटने की अनुमति देता है लेकिन इसको काफी देरी हो रही है। रविवार को जब पेड़ गिरा तो काफी समय तक इसे हटाया ही नहीं गया। क्योंकि रविवार की छुट्टी के चलते कर्मचारी भी उपलब्ध नहीं हो पाते हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

