सलोह उपरली पंचायत की सभा में हंगामा

By: Jul 26th, 2026 12:50 am

पहले ही इजलास में लोगों ने मांगा पुराने कामों का हिसाब
निजी संवाददाता-भराड़ी
उपतहसील भराड़ी के अंतर्गत ग्राम पंचायत सलोंह उपरली की पहली आम सभा की बैठक शनिवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल में बदल गई, जब बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने पिछली पंचायत के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा मांगा। ग्रामीणों का कहना था कि नई पंचायत को आगे बढ़ाने से पहले पिछले कार्यकाल में हुए कार्यों और उन पर खर्च की गई राशि की समीक्षा होना आवश्यक है, ताकि पंचायत में पारदर्शिता बनी रहे और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति सभी के सामने आ सके।

बैठक के दौरान कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछली पंचायत के समय कई विकास कार्यों पर सरकारी धन खर्च होने का दावा किया गया, लेकिन उनमें से कुछ कार्य आज भी धरातल पर दिखाई नहीं देते।  ग्रामीणों ने मांग उठाई कि पंचायत के सभी विकास कार्यों का पूरा रिकॉर्ड आम सभा के समक्ष रखा जाए और प्रत्येक कार्य पर हुए खर्च का ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए। ग्रामीण कश्मीर चंद, ज्ञान चंद, श्लोकम, पंकज तथा अनिल पठानिया ने कहा कि पंचायत का उद्देश्य आम लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और क्षेत्र का समग्र विकास करना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App