POK में बवाल, भारत से गुहार, PAK सरकार के खिलाफ मदद की आस में आंदोलनकारी, LOC तोडऩे के लिए भी तैयार
पाकिस्तान सरकार के खिलाफ मदद की आस में आंदोलनकारी, एलओसी तोडऩे के लिए भी तैयार
एजेंसियां — इस्लामाबाद
पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में हालात पूरी तरह बेकाबू हो चुके हैं। सरकार की बर्बरता और 600 से ज्यादा सामाजिक कार्यकर्ताओं की सामूहिक गिरफ्तारी के बाद पूरे इलाके में पाकिस्तान के खिलाफ विद्रोह छिड़ गया है। आंदोलन के सबसे बड़े चेहरे शौकत नवाज मीर को नजरबंद किए जाने से नाराज जम्मू-कश्मीर ज्वाइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) ने अब सीधे इस्लामाबाद को चुनौती दे दी है। इस बीच, आंदोलनकारी नेताओं ने भारत की तरफ हाथ बढ़ाते हुए कश्मीर के इस पार से मदद की गुहार लगाई है। सोशल मीडिया पर जेएएसी के मुख्य सदस्य सरदार अमन खान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पाकिस्तानी हुकूमत के जुल्म, आटे-राशन की भारी किल्लत और बदहाली का रोना रोते हुए सीधे जम्मू-कश्मीर के लोगों को आवाज लगा रहे हैं। भरी भीड़ के सामने गरजते हुए सरदार अमन कह रहे हैं कि मैं मेंढर, पुंछ, राजौरी और डोडा के लोगों से अपील करता हूं। हमारे इस हिस्से में राशन और दवाइयों की भारी कमी हो गई है। हमें आपकी मदद चाहिए, प्लीज हमारी मदद के लिए आगे आइए। हम एलओसी को खत्म करना चाहते हैं। पाकिस्तानी कब्जे से आजाद होने की तड़प को बयां करते हुए जेएएसी नेता ने दोनों देशों के बीच की सीमा को ही खत्म करने की बात कह दी। उन्होंने बॉर्डर के उस पार (भारतीय हिस्से में) रहने वाले लोगों को संदेश देते हुए कहा कि हम इस सीजफायर लाइन को हमेशा के लिए मिटाना चाहते हैं और इसके लिए हमें आपका साथ चाहिए।
अमन खान ने पाकिस्तानी हुक्मरानों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे स्थानीय लोगों को कमजोर समझने की भूल न करें। उन्होंने कहा कि अगर किसी को लगता है कि हम कमजोर हैं या कहीं फंस गए हैं, तो वे गलतफहमी में हैं। खुदा ने चाहा तो हम सबको रास्ता दिखा देंगे कि मंजिल कहां है। एक अन्य वायरल वीडियो में सुरक्षा घेरे को ठेंगा दिखाते हुए अमन खान ने वहां मौजूद हजारों प्रदर्शनकारियों से पूछा कि क्या हमें सीजफायर लाइन (एलओसी) की तरफ बढऩा चाहिए? जोर से बताओ, क्या हम आगे बढ़ें? इस पर पूरी भीड़ ने एक सुर में नारा लगाया- हां! शांतिपूर्ण प्रदर्शनों पर पाकिस्तानी पुलिस की हिंसक कार्रवाई से नाराज जेएएसी नेता ने साफ कहा कि अब वे चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, अगर हमारे राजनीतिक और शांतिपूर्ण रुख के जवाब में गोलियां चलाई गईं, तो हमारे पास भी दूसरे रास्ते खुले हैं। उन्होंने श्रीनगर, बारामूला, पुंछ, मेंढर, राजौरी, जम्मू, लद्दाख, करगिल और गिलगित-बाल्टिस्तान समेत पूरे राज्य के लोगों से एकजुट होने और इस तानाशाही के खिलाफ खड़े होने की अपील की है।
पाकिस्तानी फोर्स ने निहत्थे लोगों पर चलाई गोलियां
पीओके में रविवार को जम्मू-कश्मीर ज्वाइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) के शांतिपूर्ण प्रदर्शन रैली पर पाकिस्तानी फोर्स ने गोलियां चला दीं। जेएएसी ने दावा किया कि अब्बासपुर के सरदार गुलाम हुसैन खान स्पोर्ट्स स्टेडियम में करीब 40 हजार लोग जुटे थे। संगठन का आरोप है कि डुडियाल में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बिना उकसावे के गोलीबारी की, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए। हालांकि, घायलों की आधिकारिक संख्या या पाकिस्तान प्रशासन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

