बारिश से बढ़े सब्जियों के दाम, बिगड़ा बजट

By: Jul 9th, 2026 12:02 am

फूलगोभी 80, शिमला मिर्च और फ्रांसबीन 50 रुपए प्रति किलो

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी की लोअर बाजार सब्जी मंडी में लगातार बारिश के कारण सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित होने से मटर और फूलगोभी के दाम बढ़ गए हैं। बढ़ती कीमतों का असर रसोई बजट पर पड़ रहा है। इन दिनों मंडी में किन्नौर की मटर पहुंच रही है, जिसकी गुणवत्ता के अनुसार कीमत तय की जा रही है। इसको लेकर सब्जी विक्रेता रिंकू ने बताया कि अच्छी गुणवत्ता की मटर 100 से 120 रुपए प्रति किलो, जबकि सामान्य गुणवत्ता की मटर 50 से 80 रुपए किलो बिक रही है। बारिश से फसल प्रभावित होने के कारण आपूर्ति कम हुई है, जिससे कीमतों में बढ़ोतरी आई है।

थोक विक्रेता सोनू और नंद लाल ने बताया कि मंडी में किन्नौर की मटर 30 से 80 रुपए प्रति किलो के भाव से थोक में बिक रही है। अच्छी गुणवत्ता की मटर के दाम अधिक हैं। सब्जी मंडी के प्रधान विश्वेश्वर नाथ ने बताया कि इन दिनों मंडी में मटर और फूलगोभी के दाम ऊंचे बने हुए हैं। फूलगोभी 80 और मटर 100 रुपए प्रति किलो तक बिक रही है। हालांकि शिमला मिर्च के दामों में गिरावट दर्ज की गई है।

सब्जी दाम
फूलगोभी 80
मटर 50-120
शिमला मिर्च 50
फ्रांसबीन 50
पत्ता गोभी 40
टमाटर 40
घीया 50
भिंडी 40
प्याज 40
पहाड़ी आलू 40


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App