मानसून की दस्तक के साथ सब्जियां महंगी

By: Jul 4th, 2026 12:03 am

फूलगोभी, शिमला मिर्च और मटर के बढ़े दाम, बाहरी राज्यों की सब्जियां दे रहीं राहत

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
मानसून की दस्तक के साथ राजधानी शिमला में कुछ सब्जियों के दामों में उछाल दर्ज किया है। लगातार बारिश के कारण सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित होने से फूलगोभी, शिमला मिर्च और मटर महंगे हो गए हैं। इससे आम लोगों और गृहिणियों का रसोई बजट प्रभावित होने लगा है। फिलहाल केवल बाहरी राज्यों से आने वाली कुछ सब्जियां ही लोगों को राहत दे रही हैं, जबकि स्थानीय सब्जियों के दाम अपेक्षाकृत अधिक बने हुए हैं। स्थानीय सब्जियों की आवक कम होने से उनकी कीमतें बढ़ी हुई हैं, जबकि बाहरी राज्यों से पर्याप्त मात्रा में सब्जियां मंडी पहुंचने के कारण उनके दाम अपेक्षाकृत कम हैं। सब्जी विक्रेताओं के मुताबिक जून में 80 रुपए प्रति किलो बिकने वाली फूलगोभी अब 80 से 100 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है। जून के अंतिम सप्ताह में 60 रुपए प्रति किलो बिकने वाली शिमला मिर्च अब 80 रुपए प्रति किलो तक बिक रही है। मटर के दाम भी 100 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।

बारिश के कारण सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित
सब्जी मंडी के विक्रेता आशीष ने बताया कि लगातार बारिश से खेतों से मंडियों तक सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। वहीं, सब्जी विक्रेता रिंक के अनुसार बरसात में अधिक बारिश से सब्जियां खराब होती हैं, जिससे आपूर्ति घटने और मांग बढऩे के कारण कीमतों में तेजी आ जाती है।

सब्जी दाम
फूलगोभी 80-100
मटर 50-100
शिमला मिर्च 80
फ्रांसबीन 50-60
पत्तागोभी – 40
टमाटर 30-40
घीया 40
भिंडी 40
प्याज 40
पहाड़ी आलू 40


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App