खराब हो रहीं गाडिय़ां, क्या मुआवजा देगी मोदी सरकार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लोगों पर जबरदस्ती 20 प्रतिशत इथेनॉल मिला पेट्रोल थोपने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि मोदी सरकार के लिए पूरा देश प्रयोगशाला है। श्री केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि सरकार लोगों पर जबरदस्ती 20 प्रतिशत इथेनॉल मिला पेट्रोल थोप रही है, जबकि एथनॉल से गाडिय़ां बंद हो रही हैं, पाट््र्स खराब हो रहे हैं और माइलेज भी 30 प्रतिशत कम आ रहा है।
इससे देश भर में लोगों के अंदर जबरदस्त गुस्सा है। जब गाडिय़ों का 30 प्रतिशत माइलेज कम आ रहा है, तो इथेनॉल मिला पेट्रोल भी 30 प्रतिशत सस्ता होना चाहिए। केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जिन लोगों की गाडिय़ां खराब हो रही हैं, क्या वे उनको मुआवजा देंगे? आप संयोजक ने कहा कि 20 प्रतिशत इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल को लेकर जनता में बहुत गुस्सा है। 30 जून को केंद्र सरकार ने अटॉर्नी जनरल के माध्यम से उच्चतम न्यायालय में यह कहा कि यह सिर्फ एक प्रयोग है और इसके परिणामों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। जब यह खबर अगले दिन मीडिया में आई, तो केंद्र सरकार बिलकुल मुकर गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

