वायरल ओएमआर शीट फर्जी, एनटीए का दावा, झूठे हैं आर्या सिंह, लक्ष्य और अभय यादव के दावे

By: Jul 21st, 2026 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के लिए इन दिनों मुसीबतें खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। एक के बाद एक बवाल एजेंसी का पीछा करते नजर आ रहे हैं। पहले नीट पेपर लीक का बड़ा मामला सामने आया, जिसने पूरे देश में हंगामा खड़ा कर दिया। इसके बाद जैसे-तैसे री-नीट का रिजल्ट जारी हुआ, तो लगा कि शायद अब हालात थोड़े शांत होंगे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है और ये विवाद ओएमआर शीट में कथित गड़बड़ी का है। कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर अपनी ओएमआर शीट शेयर करते हुए दावा किया कि उनके साथ बड़ा धोखा हुआ है। किसी ने नंबर कम होने की बात कही, तो किसी ने कहा कि उन्हें गलत शीट थमा दी गई है। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से आर्या सिंह, लक्ष्य सिंह और अभय यादव नाम के छात्रों के मामले सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे थे। इन छात्रों ने नीट 2026 की अपनी ओएमआर शीट को लेकर सनसनीखेज दावे किए थे।

इनका कहना था कि उनके रिजल्ट के साथ भयंकर हेरफेर हुआ है। जब मामला ज्यादा तूल पकडऩे लगा, तो एनटीए ने पूरे रिकॉर्ड खंगाले। जांच के बाद जो सच्चाई सामने आई, वो हैरान करने वाली थी। एनटीए ने साफ कर दिया है कि इंटरनेट पर जो ओएमआर शीट्स वायरल की जा रही हैं, वो पूरी तरह से फर्जी और डिजिटली एडिटेड हैं। इन तमाम झूठे दावों को देखते हुए एनटीए ने अब कड़ा रुख अपना लिया है। एजेंसी ने एकदम साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि फर्जी या एडिटेड ओएमआर शीट बनाना, उसे सोशल मीडिया पर फैलाना या किसी सरकारी परीक्षा को लेकर झूठे दावे करना कोई मामूली बात नहीं है। जो भी लोग ऐसी भ्रामक चीजें फैला रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

आर्या सिंह का जंतर-मंतर का ड्रामा

आर्या सिंह नाम की छात्रा का मामला ज्यादा सुर्खियों में रहा। अपनी कथित ओएमआर शीट और कम नंबरों की शिकायत लेकर वह अपने पिता के साथ सीधे दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने के लिए पहुंच गई थीं। अब एनटीए ने इस पूरे मामले की हवा निकाल दी है। एजेंसी का कहना है कि आर्या की असली ओएमआर शीट पूरी तरह सुरक्षित है। एनटीए ने बताया कि इंटरनेट पर जो फोटो घूम रही है, उसे डिजिटल तरीके से एडिट किया गया है। फर्जीवाड़े का आलम ये है कि असली शीट पर इनविजिलेटर के दस्तखत का समय दोपहर 3:45 बजे दर्ज है, जबकि वायरल की गई एडिटेड फोटो में इसे बदलकर 2:45 बजे कर दिया गया है। हकीकत ये है कि आर्या के 167 नंबर आए हैं, जो बिल्कुल सही और बरकरार हैं।

लक्ष्य सिंह के 54 सवाल किए और शीट में भर दिए एक्स्ट्रा गोले

दूसरा नाम लक्ष्य सिंह का है। लक्ष्य ने भी अपनी ओमएमआर शीट को लेकर खूब हो-हल्ला मचाया था। एनटीए ने इनके दावों की भी धज्जियां उड़ा दी हैं। एजेंसी के मुताबिक, लक्ष्य की असली ओएमआर उनके रिकॉर्ड में मौजूद हैै, लेकिन जो इमेज सोशल मीडिया पर सर्कुलेट की जा रही है, उसमें ऐसे बबल्स (गोले) भरे हुए दिख रहे हैं, जो असली शीट में थे ही नहीं। यानी फर्जी ओएमआर शीट बनाने के लिए डिजिटल तरीके से एक्स्ट्रा गोले भर दिए गए हैं। रिकॉर्ड के मुताबिक, कुल 180 सवालों में से लक्ष्य ने सिर्फ 54 सवालों के ही जवाब दिए थे। इनमें से 34 जवाब सही थे और 20 गलत साबित हुए। कैलकुलेशन के हिसाब से उनके 116 नंबर बनते हैं।

अभय यादव का 634 अंक का सपना और 164 की सच्चाई

अभय यादव ने तो गजब का ही दावा ठोक दिया था। अभय का कहना था कि उसने पेपर में सिर्फ पांच सवाल छोड़े थे और इस हिसाब से उसके 634 नंबर आने चाहिए थे। उसने अपनी ओएमआर शीट में और असली नंबरों में भारी अंतर का दावा किया, लेकिन जब एनटीए ने अपने सरकारी रिकॉर्ड चैक किए, तो कहानी एकदम पलट गई। एजेंसी ने बताया कि अभय की असली ओएमआर शीट उसके ईमेल पर मौजूद है। उसने पांच नहीं, बल्कि पूरे 44 सवाल बिना हल किए छोड़ दिए थे। अभय का असल स्कोर 164 नंबर है, जो कि पूरी तरह से वेरिफाइड है। इसके अलावा एनटीए ने अवनीश श्रीवास्तव और प्रतिभा त्रिवेदी नाम के छात्रों के दावों को भी सिरे से खारिज कर दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App