बद्दी की बदहाल सुविधाओं पर उठी आवाज
नगर निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन; सफाई, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट-सडक़ों की समस्याओं के समाधान की मांग
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
औद्योगिक नगर बद्दी में लगातार बढ़ रही मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश मोहन अग्रवाल के नेतृत्व में नगर निगम के नवनियुक्त आयुक्त विवेक चंदेल और सहायक आयुक्त अंकुर ठाकुर से मुलाकात कर विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में सफाई व्यवस्था, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, पार्कों के रखरखाव और जर्जर सडक़ों जैसी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण हल्की बारिश में भी सडक़ों पर जलभराव हो जाता है, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ सडक़ें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं। कई पार्कों की स्थिति खराब है और अनेक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लंबे समय से बंद पड़ी हैं। विभिन्न कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं की कमी से लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश मोहन अग्रवाल ने कहा कि बद्दी एक प्रमुख औद्योगिक नगर है, जहां बड़ी संख्या में लोग उद्योगों में कार्यरत हैं।
ऐसे में घर-घर कूड़ा संग्रहण का समय स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप निर्धारित किया जाना चाहिए। उन्होंने सुबह 5 से 10 बजे तथा शाम 5 से 8 बजे तक कूड़ा संग्रहण करने की मांग रखी, ताकि लोग आसानी से कूड़ा निगम की गाडय़िों को सौंप सकें और शहर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके। नगर निगम आयुक्त विवेक चंदेल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा तथा जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, सडक़ों और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे। बैठक में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य विक्रम बिंदल, नरेंद्र खन्ना, सोमनाथ पाल, सत्या पांडेय, हंसा नंद झा, संजीव सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

