78 साल बाद भी सडक़ का इंतजार
रोड को तरस रहा कसियाना गांव, ग्रामीण आज भी खाट के सहारे
निजी संवाददाता – भोरंज
विधानसभा क्षेत्र भोरंज की ग्राम पंचायत कराह के अंतर्गत कसियाना गांव से आए एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व उपाध्यक्ष जिला परिषद हमीरपुर एवं समाजसेवी नरेश कुमार दर्जी से उनके कार्यालय में मुलाकात कर गांव की वर्षों पुरानी सडक़ समस्या से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि आजादी के दशकों बाद भी कसियाना गांव आज तक सडक़ सुविधा से वंचित है। ग्रामीणों के अनुसार, किसी भी आपातकालीन स्थिति जैसे गंभीर बीमारी, गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाना अथवा दुर्घटना होने पर एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। ऐसी परिस्थितियों में मरीजों को खाट या अन्य साधनों के सहारे मुख्य सडक़ तक ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए वे वर्षों से जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के विभिन्न स्तरों पर अपनी मांग रखते रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
प्रशासन के समक्ष उठाएंगे सडक़ की मांग
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि सडक़ जैसी मूलभूत सुविधा प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और किसी भी गांव को विकास की मुख्यधारा से वंचित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने कसियाना के लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए वे संबंधित विभागों एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से मामला उठाएंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

