वार्ड सिस्टर जल्द बनेंगी मैट्रन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने रिक्त पद भरने को तेज की प्रक्रिया

By: Jul 6th, 2026 12:08 am

कार्यालय संवाददाता — शिमला

हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मैट्रन के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी है। विभाग ने सभी सरकारी मेडिकल कालेजों, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और संबंधित अधिकारियों से वार्ड सिस्टरों की पिछले तीन वर्षों 2022 से 2025 की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट एसीआर इंटीग्रिटी सर्टिफिकेट तथा वार्ड एडमिनिस्ट्रेशन कोर्स या बीएससी नर्सिंग संबंधीत जानकारी दो सप्ताह के भीतर भेजने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने 30 सितंबर, 2025 तक की अंतिम वरिष्ठता सूची के आधार पर सामान्य, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग की पात्र वार्ड सिस्टरों का रिकार्ड मांगा है। इसके साथ ही दिव्यांग श्रेणी के ऐसे कर्मचारियों का भी डाटा मांगा गया है, जिन्होंने चार वर्ष की नियमित या नियमित एवं निरंतर एडहॉक सेवा पूरी कर ली है और आवश्यक योग्यता रखते हैं।

प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने सभी संस्थानों से मैट्रन के स्वीकृत पद, कार्यरत कर्मचारियों की संख्या, रिक्त पदों की स्थिति, सेवानिवृत्ति या पदोन्नति से खाली हुए पदों का विवरण तथा 31 मार्च, 2027 तक खाली होने वाले पदों की जानकारी भी मांगी है। हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह जानकारी दो सप्ताह के भीतर प्राथमिकता के आधार पर भेजी जाए, ताकि मैट्रन पदों पर पदोन्नति की आगामी प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। साथ ही वरिष्ठता सूची में यदि किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक हो, तो उसकी जानकारी भी तुरंत देने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे भविष्य में किसी प्रकार का कानूनी विवाद न हो।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App