छोटी-छोटी बातों पर क्यों बढ़ जाती है बेचैनी?
बढ़ते समय के साथ लोगों में तनाव और एंग्जायटी के मामले इतने ज्यादा बढ़ते जा रहे हैं कि मानसिक स्वास्थ्य एक गंभीर चिंता का विषय बन गया है। काम का दबाव, आर्थिक चिंता, खराब नींद और लंबे समय तक स्क्रीन पर समय बिताने जैसी आदतें मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही हैं। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि कई लोगों में बिना किसी बड़ी वजह के भी घबराहट, बेचैनी, दिल की धडक़न का तेज होना या लगातार तनाव बने रहना जैसी दिक्कतें देखने को मिल रही हैं। यदि इन लक्षणों पर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो लंबे समय तक बना रहने वाला तनाव डायबिटीज, नींद की समस्या, हाई ब्लड प्रेशर, कमजोर इम्युनिटी और हृदय रोग का खतरा भी बढ़ सकता है। शरीर में कुछ जरूरी विटामिन और मिनरल्ज की कमी भी तनाव और एंग्जायटी की एक वजह हो सकती है। ऐसे में कुछ जरूरी पोषक तत्त्वों की कमी पूरी करके आप एंग्जायटी को मैनेज कर सकते हैं।
मैगनीशियम
मैगनीशियम नसों और मांसपेशियों की कार्यप्रणाली में अहम भूमिका निभाता है। मैगनीशियम की कमी, नव्र्स सिस्टम में उत्तेजना बढ़ा सकती है। मैगनीशियम एनएमडीए रिसेप्टर्स, मस्तिष्क की तंत्रिका कोशिकाओं की गतिविधि को संतुलित करता है, दिमाग को शांत रखने वाले रसायन गाबा की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाता है और शरीर की तनाव प्रतिक्रिया का कारण बनने वाले एचपीए को नियंत्रित रखने में भी सहायता करता है।
ओमेगा-3
ओमेगा-3 में पाए जाने वाले ईपीए और डीएचए मस्तिष्क की कोशिकाओं के स्वास्थ्य को बनाए रखने, शरीर में सूजन को कम करने और मस्तिष्क के सामान्य कार्य को बेहतर बनाए रखने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कई अध्ययनों के विश्लेषण से पता चलता है कि ओमेगा-3 सप्लीमेंट्स लेने से तनाव में आराम मिलता है। हालांकि, इसका फायदा तुरंत नहीं दिखता, बल्कि नियमित सेवन के बाद धीरे-धीरे प्रभाव दिखाई देता है।
अश्वगंधा
अश्वगंधा आयुर्वेद की एक प्रसिद्ध औषधीय जड़ी-बूटी है और तनाव कम करने में सहायक है। यह शरीर के तनाव प्रतिक्रिया प्रणाली को संतुलित रखने और कॉर्टिसोल लेवल को नियंत्रित करने में मदद करती है। कुछ अध्ययनों में पाया गया है कि क्रॉनिक स्ट्रेस का सामना कर रहे लोगों में अश्वगंधा का उचित मात्रा में सेवन स्ट्रेस के लक्षणों को कम करने में सहायक है।
कैमोमाइल टी
कैमोमाइल टी एक हर्बल चाय है, जिसे तनाव कम करने, बेहतर नींद के लिए लाभदायक माना जाता है। इसमें पाया जाने वाला एपिजेनिन नामक यौगिक मस्तिष्क से जुड़ी गतिविधियों को कंट्रोल करके शरीर और मन को शांत रखने में मदद करता है। इसके अलावा, इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में भी मदद कर सकते हैं।
एल-थियानाइन
एल-थियानाइन एक प्राकृतिक अमीनो एसिड है, जो मुख्य रूप से ग्रीन टी की पत्तियों में पाया जाता है। माना जाता है कि यह दिमाग को शांत रखने, तनाव कम करने और मानसिक एकाग्रता बढ़ाने में मदद कर सकता है। तनाव से बचने के लिए आपको एक स्वस्थ जीवनशैली भी अपनानी होगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

