मजदूरों ने घेरा श्रम कल्याण बोर्ड दफ्तर
लंबित लाभों के भुगतान और पंजीकरण संबंधी समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
प्रदेशभर से आए सैकड़ों निर्माण मजदूरों ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश भवन, सडक़ एवं अन्य निर्माण मजदूर यूनियन (सीटू) के बैनर तले श्रम कल्याण बोर्ड के राज्य कार्यालय का घेराव कर सरकार और बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन किया। भारी बारिश के बावजूद शिमला, मंडी, कुल्लू, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, चंबा, किन्नौर, कांगड़ा और हमीरपुर से पहुंचे मजदूरों ने जुलूस निकालकर लंबित लाभों के भुगतान और पंजीकरण संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन को सीटू के राष्ट्रीय सचिव डाक्टर कश्मीर ठाकुर, राज्य महासचिव प्रेम गौतम, राज्य अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, निर्माण मजदूर यूनियन के राज्य अध्यक्ष जोगिंदर कुमार और राज्य महासचिव अमित कुमार ने संबोधित किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि बोर्ड बैठकों में लिए गए निर्णय लागू नहीं किए जा रहे और प्रशासनिक खर्च बढऩे के बावजूद कल्याण योजनाओं पर अपेक्षित राशि खर्च नहीं हो रही। बाद में यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने बोर्ड अध्यक्ष से वार्ता की। अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि 31 जुलाई 2026 तक मुख्यालय पहुंचने वाले सभी पात्र दावों का भुगतान 15 अगस्त से पहले कर दिया जाएगा। वर्ष 2021 से 2023 तक लंबित पेंशन, छात्रवृत्ति, मृत्यु सहायता और अन्य दावे 30 सितंबर 2026 तक निपटाए जाएंगे। साथ ही पुराने लंबित मामलों में ई-केवाईसी के लिए नवीनीकरण अनिवार्य नहीं होगा और पंजीकरण व नवीनीकरण के आवेदन 30 दिन के भीतर निपटाए जाएंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

