उपनिदेशक ने लिया व्यवस्था का जायजा
आयुर्वेदिक अस्पताल में बढ़ी मरीजों की भीड़, अब सुविधाएं भी होंगी मजबूत, लैब टेक्नीशियन व योग प्रशिक्षक की कमी दूर करने की कवायद
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
उप निदेशक आयुष कांगड़ा जोन डॉक्टर इंदु तोमर ने जिला आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर का आधिकारिक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर वनिता शर्मा, समस्त चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के साथ प्रशासनिक बैठक की। दौरे के दौरान चिकित्सा अधीक्षकए जिला आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर द्वारा उप निदेशक का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने अस्पताल में चल रही विभिन्न गतिविधियों, कार्यप्रणाली, रोगी सेवाओं तथा अपनाई जा रही प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बैठक में अस्पताल की विभिन्न आवश्यकताओं एवं लंबे समय से लंबित मांगों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उप निदेशक महोदया ने अस्पताल में ओपीडी एवं आईपीडी में मरीजों की बढ़ती संख्या पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे अस्पताल द्वारा प्रदान की जा रही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का सकारात्मक संकेत बताया।
उन्होंने अस्पताल में स्वच्छता एवं साफ.सफाई के बेहतर रखरखाव के लिए भी प्रशासन एवं समस्त स्टाफ की सराहना की तथा भविष्य में भी इन व्यवस्थाओं को बनाए रखने पर बल दिया। अस्पताल में लंबे समय से महसूस की जा रही लैब टेक्नीशियन एवं योग प्रशिक्षक की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उप निदेशक महोदया ने अस्पताल प्रशासन को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को प्रेषित करने के निर्देश दिएए ताकि अस्पताल की सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने उपस्थित सभी चिकित्सकों को आयुर्वेद के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं रोगियों के समग्र स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेद की विभिन्न विशिष्ट चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विशेष रूप से उपयुक्त रोगियों में क्षारसूत्र चिकित्सा, योग एवं अन्य आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों को अपनाने पर बल दिया। उप निदेशक ने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं को और सुदृढ़ करने तथा रोगियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
