टुटू एयरपोर्ट रोड पर लैंड स्लाइड

By: Aug 19th, 2026 12:01 am

तीन गाडिय़ों को नुकसान, घरों को भी खतरा

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार को टुटू एयरपोर्ट रोड पर अचानक भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ से बड़ी मात्रा में मलबा सडक़ पर आ गिरा और इसकी चपेट में तीन गाडिय़ां आ गईं। एक गाड़ी के ऊपर तो पूरा मलबा गिर गया, जिससे वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। भूस्खलन के साथ एक पेड़ भी सडक़ पर आ गिरा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। भारी मलबा सडक़ पर आने के कारण करीब दो घंटे तक यहां यातायात पूरी तरह ठप रहा। सडक़ के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।

सूचना मिलते ही पुलिस और लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सडक़ से मलबा हटाने का काम शुरू किया। लगातार बारिश के बावजूद कर्मचारियों ने तेजी से काम करते हुए मार्ग को सिंगल लेन में यातायात के लिए बहाल कर दिया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी, हालांकि सडक़ पर अभी भी खतरा बना हुआ है। भूस्खलन से सडक़ के साथ लगते भवनों पर भी खतरा मंडराने लगा है। मलबा एक भवन के आंगन तक पहुंच गया, जिससे लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान यहां पहाड़ी से मलबा गिरने का खतरा लगातार बना रहता है। मंगलवार को हुए भूस्खलन ने इस खतरे को और बढ़ा दिया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। प्रशासन की ओर से प्रभावित हिस्से में तिरपाल बिछाई गई हैं, ताकि बारिश के पानी से मलबा और ज्यादा न खिसके। साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल भवनों को तत्काल कोई खतरा नहीं है, लेकिन लगातार बारिश को देखते हुए लोगों को चौकन्ना रहने की जरूरत है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App