नशे से दूर रहने का लिया संकल्प, छात्रों को दिलाई शपथ
गुरु नानक पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, राजयोग और ध्यान से सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
गुरु नानक पब्लिक स्कूल में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के ‘10 करोड़ नशा मुक्त प्रतिज्ञा महाअभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृपालपुर स्थित ब्रह्माकुमारी दिव्य अनुभूति धाम के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और नैतिक मूल्यों व सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अनीता दीदी और सुमन बहन ने किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ परिवार, समाज और आने वाली पीढय़िों को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच, ईमानदारी, अनुशासन, आत्मनियंत्रण और दूसरों के प्रति सम्मान जैसे गुण जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों को राजयोग और ध्यान का अभ्यास करवाकर मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक सोच के महत्व की जानकारी भी दी गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य और प्रबंधन समिति ने ब्रह्माकुमारीज की पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को कम उम्र से नशे के दुष्प्रभावों और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। प्रबंधन ने दिव्य अनुभूति धाम की मुख्य संचालिका राधा दीदी के समाज कल्याण के प्रयासों की भी सराहना की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
