नौणी-धारों की धार सडक़ पर नालियों की सफाई से परेशानी

By: Aug 12th, 2026 12:02 am

जेसीबी से सफाई के दौरान सडक़ पर फैला मलबा और कीचड़, स्कूली बसों और वाहन चालकों को पेश आ रहीं दिक्कतें

निजी संवाददाता-सोलन
जिला सोलन के नौणी-धारों की धार मार्ग पर लोक निर्माण विभाग की ओर से जेसीबी मशीन से नालियों की सफाई और उन्हें खोलने का कार्य किया जा रहा है। बरसात के बीच चल रहे इस काम के कारण सडक़ पर मिट्टी और मलबा फैल गया है, जिससे स्थानीय लोगों, वाहन चालकों और स्कूली बसों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों की सफाई जरूरी है, लेकिन काम के बाद सडक़ से मलबा हटाने की व्यवस्था भी की जानी चाहिए। कई स्थानों पर नालियों से निकली मिट्टी सडक़ पर ही पड़ी है, जो बारिश के पानी के साथ कीचड़ में बदल रही है।

इससे दोपहिया वाहनों के साथ पैदल चलने वालों को भी परेशानी हो रही है। लोगों के अनुसार सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों और बस चालकों को हो रही है। चढ़ाई वाले हिस्सों में कीचड़ और फिसलन के कारण वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है। लोगों ने विभाग से नालियों का काम जल्द पूरा करने और सडक़ पर फैले मलबे को तुरंत हटाने की मांग की है। नौणी पंचायत प्रधान ने भी माना कि नालियों की सफाई जरूरी है, लेकिन कार्य के दौरान फैली मिट्टी और मलबे से अस्थायी रूप से परेशानी बढ़ी है। उन्होंने विभाग से काम पूरा करने के साथ सडक़ को भी साफ करवाने का आग्रह किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App