वालीबाल में कोटला कलां और खो-खो में मंदली टीम बनी विजेता

By: Aug 29th, 2026 12:50 am

समूरकलां में अंडर-14 छात्राओं की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में कुटलैहड़ के विधायक रहे मुख्यातिथि
स्टाफ रिपोर्टर-बंगाणा
कुटलैहड़ क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समूर कलां में आयोजित 67वीं अंडर-14 खंड स्तरीय छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता के समापन समारोह में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा(विक्कू)ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से पहुंची छात्राओं ने कबड्डी, वाली बाल, खो-खो, बैडमिंटन और शतरंज सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्यातिथि विधायक विवेक शर्मा ने खिलाडिय़ों को खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा को पहचान देने के साथ अनुशासन, मेहनत और टीम भावना भी सीखते हैं। खंड स्तर प्रतियोगिता के परिणामों में वालीबाल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटला कलां ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंधला उपविजेता रही।

खो-खो में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंदली ने प्रथम स्थान हासिल किया और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंधला उपविजेता रही। इसी प्रकार बैडमिंटन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जटैहरी विजेता रही, जबकि राजकीय उच्च पाठशाला कोट ने उपविजेता का स्थान हासिल किया। शतरंज प्रतियोगिता में राजकीय उच्च पाठशाला तनोह ने विजेता तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। कबड्डी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धमानदरी विजेता रही, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां उपविजेता रही। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को आयोजन समिति एवं मुख्यातिथि की ओर से बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। 26 अगस्त 2026 से शुरू हुई इस तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता में 22 विद्यालयों की छात्राओं ने भाग लिया। स्थानीय विद्यालय की छात्राओं ने समापन अवसर पर शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App