शिमला में 24 घंटे पेयजल सप्लाई ने पकड़ी रफ्तार
पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने लिया जायजा-10 के काम का लिया जायजा, पहले से अधिक मजबूत व्यवस्था की उम्मीद
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला शहर में 24 घंटे निर्बाध और दबावयुक्त पेयजल आपूर्ति की योजना को जमीन पर उतारने का काम तेज हो गया है। शहरी विकास एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को 24 घंटे पेयजल परियोजना के पैकेज-10 के तहत चल रहे कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने कच्ची घाटी, बालूगंज, एडवांस स्टडीज, समरहिल और तारादेवी क्षेत्रों का दौरा कर पाइपलाइन बिछाने, सडक़ बहाली और नए जल भंडारण टैंकों के निर्माण की प्रगति जांची। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों से कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड, सुएज और टाटा की टीमों ने उन्हें परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। पैकेज-10 में पुरानी पाइपलाइनों को हटाकर आधुनिक नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही जरूरत वाले क्षेत्रों में नए जल भंडारण टैंक बनाए जा रहे हैं। परियोजना पूरी होने के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में पानी की आपूर्ति व्यवस्था पहले के मुकाबले अधिक मजबूत और भरोसेमंद होने की उम्मीद है। पैकेज-10 के तहत कच्ची घाटी से तारादेवी तक चल रहे कार्यों को शिमला की भविष्य की पेयजल जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान एसजेवीएन, जल शक्ति विभाग के अधिकारियों सहित जिला परिषद सदस्य प्रियंका तनवर, नगर निगम पार्षद दलीप ठाकुर और किरण शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
सडक़ों की बहाली काम भी जारी
पाइपलाइन बिछाने के बाद प्रभावित सडक़ों की बहाली का काम भी किया जा रहा है। विश्व बैंक से वित्त पोषित यह परियोजना हिमाचल में अपनी तरह की पहली परियोजना है। इसका मुख्य उद्देश्य शिमला की मौजूदा पेयजल व्यवस्था को आधुनिक दबावयुक्त नेटवर्क में बदलकर घरों तक सुरक्षित और विश्वसनीय पानी पहुंचाना है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
