25 रुपए में घर-घर पहुंचेगा तिरंगा, डाकघरों में पहुंचा स्टॉक
जिला के छोटे-बड़े डाकघरों में मिलेगा राष्ट्रीय ध्वज, हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने की अपील
कार्यालय संवाददाता-हमीरपुर
हर घर तिरंगा अभियान के तहत हमीरपुर और बिलासपुर के लोग इस वर्ष भी नजदीकी डाकघरों से 25 रुपए में राष्ट्रीय ध्वज खरीद सकेंगे। डाकघर हमीरपुर मंडल के पास तिरंगे झंडे की दो हजार खेप पहुंच गई है, जिसे हमीरपुर, बिलासपुर और बड़सर डाकघरों में मुहैया करवा दिया गया है। जहां से सभी डाकघरों को थोड़े-थोड़े तिरंगे झंडे डिमांड के मुताबिक मुहैया करवा दिए गए हैं, ताकि लोगों को अपने नजदीक के डाकघरों मेंं बेहतर क्वालिटी के तिरंगे झंडे सस्ते दामों पर खरीदने को मिल सकें। बता दें कि राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के तहत हमीरपुर और बिलासपुर जिला के डाकघरों में तिरंगे झंडे मुहैया करवा दिए गए हैं।
डाकघर मंडल हमीरपुर के प्रवर अधीक्षक कंचन सिंह चौहान ने बताया कि भारतीय डाक विभाग की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के लिए निर्धारित मानक आकार के तिरंगे छोटे-बड़े सभी डाकघरों में उपलब्ध करवा दिए गए हैं, ताकि लोगों को तिरंगे झंडे आसानी से घरों के नजदीक मिल सकें। लोग अपने नजदीक के डाकघरों से 25 रुपए में डिमांड के मुताबिक तिरंगे झंडे खरीद सकते हैं और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
