मंडी शहर में 405 किलो फल-सब्जियां जब्त
रेट लिस्ट न लगाने पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की कार्रवाई, 12 दुकानदारों के काटे चालान
कार्यालय संवाददाता- मंडी
मंडी शहर और आसपास के बाजारों में फल एवं सब्जियों की बिक्री में मनमानी पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। विभागीय टीम ने फल-सब्जी की दुकानों का औचक निरीक्षण कर रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं करने वाले 12 दुकानदारों के मौके पर ही चालान किए। नियमों के उल्लंघन पर टीम ने कुल 405 किलोग्राम फल एवं सब्जियां भी जब्त की हैं। विभाग की इस कार्रवाई से फल एवं सब्जी विक्रेताओं में हडक़ंप मच गया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर ग्रेड-1 भूपिंद्र सिंह और इंस्पेक्टर ग्रेड-1 परस राम की संयुक्त टीम ने की। टीम ने अलग-अलग फल एवं सब्जी की दुकानों पर पहुंचकर बिक्री व्यवस्था, रेट लिस्ट के प्रदर्शन और उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर सामान उपलब्ध करवाए जाने की स्थिति की जांच की।
निरीक्षण के दौरान टीम को कई दुकानों पर निर्धारित रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं मिली। दुकानदारों द्वारा रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित न किए जाने को विभाग ने नियमों का उल्लंघन माना। इसके बाद टीम ने मौके पर ही कार्रवाई शुरू कर दी। कुल 12 दुकानदारों के चालान किए गए। बता दें कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम द्वारा मंडी जिला के अलग-अलग क्षेत्रों में गत दो दिनों से औचक निरीक्षण जारी है। इसमें जहां विभाग की टीम द्वारा जहां नेरचौक क्षेत्र में फल-सब्जी की दुकानों का निरीक्षण कर सात दुकानों की जांच के दौरान चार दुकानों से 291 किलो फल-सब्जियां जब्त कर चुकी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
