434 श्रद्धालु पैदल रवाना, मणिमहेश यात्रा को 64 भक्तों ने हेलिटैक्सी से भरी उड़ान
नगर संवाददाता-भरमौर
श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के तहत गुरुवार को हड़सर से श्रीमणिमहेश के लिए पैदल यात्रा मार्ग से 434 श्रद्धालु रवाना हुए। इसके साथ ही गुरुवार को भरमौर से गौरीकुंड के लिए हेलिटैक्सी की 16 उड़ानें भरी गईं, जिनके माध्यम से भरमौर से गौरीकुंड के लिए 64 श्रद्धालुओं और गौरीकुंड से भरमौर के लिए 63 श्रद्धालुओं ने हवाई सेवा का लाभ उठाते हुए मणिमहेश यात्रा की।
यह जानकारी एसडीएम भरमौर अजय कुमार सिंह ने दी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखें। कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के सहयोग से ही मणिमहेश यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न करवाया जा सकता है।
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के लिए मेडिकल कैंप
बीएमओ भरमौर डा. दीपेश बराल ने बताया कि श्री मणिमहेश यात्रा के दृष्टिगत यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रा मार्ग तथा प्रमुख पड़ावों पर मेडिकल कैंप स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुनिश्चित करने के लिए हडसर, धन्छो, सुंदरासी, गौरीकुंड तथा डल झील में मेडिकल कैंप स्थापित किए गए हैं। भरमाणी मंदिर और कलाह में भी मेडिकल कैंप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन मेडिकल कैंपों के माध्यम से यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
