पुल बनाने को खंगाला 99 साल की बारिश का रिकॉर्ड, पुणे के विशेषज्ञों की टीम ने किया मांझी खड्ड का निरीक्षण

By: Aug 12th, 2026 12:01 am

गगल एयरपोर्ट विस्तार से पहले पुणे के विशेषज्ञों की टीम ने किया मांझी खड्ड का निरीक्षण

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश के पर्यटन व सुरक्षा की दृष्टि से महत्त्चपूर्ण कांगड़ा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की कवायद अब तकनीकी रूप से अपने सबसे अहम पड़ाव पर पहुंच गई है। एयरपोर्ट विस्तार के तहत मांझी खड्ड पर प्रस्तावित रनवे ब्रिज को किसी भी प्राकृतिक आपदा या बाढ़ से सुरक्षित रखने के लिए विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। पुल के निर्माण और डिजाइन को अंतिम रूप देने से पहले, पिछले 99 वर्षों की बारिश और मांझी खड्ड के जलस्तर का गहन तकनीकी अध्ययन किया गया है। इससे भविष्य में बनने वाला यह ब्रिज पूरी तरह सुरक्षित और अभेद्य रहे। विभाग ने पुराने आंकड़ों को खंगालते हुए यह जानने का प्रयास किया है कि पिछले करीब एक सदी में अलग-अलग वर्षों के दौरान खड्ड का जलस्तर कितना रहा और मानसून में पानी का अधिकतम बहाव किस स्तर तक पहुंचा। इसी तकनीकी अध्ययन के आधार पर प्रस्तावित पुल का निर्माण किया जाएगा।

इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में खड्ड में अचानक जलस्तर बढऩे की स्थिति में भी रनवे ब्रिज पर कोई खतरा न मंडराए। एयरपोर्ट विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण और अवार्ड की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। इस प्रोजेक्ट की जद में शाहपुर और कांगड़ा विधानसभा क्षेत्रों के कुल 14 राजस्व गांव आ रहे हैं। प्रशासन प्रभावित परिवारों के लिए आरएंडआर की प्रक्रिया पर तेजी से काम कर रहा है। जानकारी के अनुसार, अब तक सात राजस्व गांवों के प्रभावितों को आर एंड आर की मुआवजा राशि वितरित की जा चुकी है। वहीं, चार अन्य गांवों को अवार्ड नोटिस जारी किए गए हैं, जहां प्रभावित परिवारों से सहमति मिलते ही मुआवजे का वितरण कर दिया जाएगा।

अधिकारी क्या कहते हैं

पर्यटन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर, विनय धीमान ने बताया कि कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार की प्रक्रिया जारी है। मांझी खड्ड पर बनने वाले रनवे ब्रिज के लिए खड्ड में पानी के बहाव का अध्ययन किया गया है, जिसमें पिछले 99 साल की बारिश और जलस्तर के आंकड़े शामिल हैं। वर्तमान में पुणे के विशेषज्ञों की टीम ने स्पॉट विजिट कर लिया है। पुणे की टीम की रिव्यू रिपोर्ट आने के बाद ही रनवे ब्रिज की वास्तविक ऊंचाई, हाइट तय की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App