नाग पंचमी पर शिव मंदिरो में उमड़ी आस्था

By: Aug 18th, 2026 12:01 am

मंदिरों में लगीं कतारें; शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र चढ़ाकर की पूजा-अर्चना

निजी संवाददाता-सोलन
नाग पंचमी और सावन सोमवार के संयोग पर सोमवार को सोलन शहर सहित जिला भर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों में भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सोलन के मुरारी मार्किट में भी नाग पंचमी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था।

अर्की, कुनिहार, बद्दी, नालागढ़, रामशहर, चायल, नौणी, चंडी, कंडाघाट, धर्मपुर, कुमारहट्टी, सुबाथू, परवाणू तथा सोलन स्थित विश्व प्रसिद्ध जटोली शिव मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव और माता दुर्गा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर रजत नाग-नागिन अर्पित कर पूजा-अर्चना की। मंदिर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु भोलेनाथ के जयकारे लगाते नजर आए। नाग पंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को दूध और जल से अभिषेक किया। इसके साथ ही शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, फूल और फल चढ़ाए गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App