फीस वृद्धि के विरोध में एबीवीपी ने नाहन में की तालाबंदी

By: Aug 19th, 2026 12:01 am

25 से 30 प्रतिशत फीस बढ़ोतरी वापस लेने और छात्र संघ चुनाव बहाल करने को प्रदर्शन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नाहन इकाई ने विद्यार्थियों की प्रदेश स्तरीय मांगों को लेकर मंगलवार को परिसर में तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में एबीवीपी सिरमौर के संगठन मंत्री भागमल विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से फीस में की गई 25 से 30 प्रतिशत वृद्धि को छात्रहित के खिलाफ बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। संगठन मंत्री भागमल ने कहा कि फीस बढ़ोतरी से सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। वहीं, एबीवीपी नाहन इकाई के उपाध्यक्ष रमन शर्मा ने छात्र संघ चुनाव तत्काल बहाल करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि चुनाव विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी समस्याएं उठाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देते हैं। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी
पांवटा साहिब। फीस वृद्धि वापस लेने और छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर एबीवीपी पांवटा साहिब इकाई ने मंगलवार को कालेज के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इकाई अध्यक्ष मनीष समता ने कहा कि फीस बढऩे से सामान्य और मध्यम वर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने फीस वृद्धि तत्काल वापस लेने की मांग की। इकाई मंत्री अनिकेत भंडारी ने कहा कि छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App