नुक्कड़ नाटक से दिखाया एबीवीपी का संघर्ष
फीस वृद्धि के खिलाफ आंदोलन की जीत पर एबीवीपी ने निकाली रैली, केंद्रीय पुस्तकालय के बाहर दी जोरदार प्रस्तुतिं
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में बढ़ाई गई फीस, छात्रावास शुल्क और छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ चलाए गए आंदोलन की जीत के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की एचपीयू इकाई ने बुधवार को परिसर में रैली निकाली। इस दौरान केंद्रीय पुस्तकालय के मुख्य द्वार के बाहर नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर फीस वृद्धि के खिलाफ लड़े गए आंदोलन को छात्रों के सामने प्रस्तुत किया गया। एबीवीपी इकाई मंत्री सुशील शर्मा ने कहा कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्रों को बताया गया कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले गरीब, किसान और बागबान परिवार किस तरह मेहनत की कमाई से अपने बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए विश्वविद्यालय भेजते हैं। फीस और छात्रावास शुल्क में बढ़ोतरी से ऐसे परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा था।
नाटक के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से विभिन्न पाठ्यक्रमों और परीक्षाओं की फीस में की गई बढ़ोतरी का विरोध दर्शाया गया। छात्र कलाकारों ने संवादों और अभिनय के माध्यम से फीस वृद्धि के खिलाफ एबीवीपी के प्रदेशव्यापी आंदोलन को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। नुक्कड़ नाटक में एबीवीपी के आंदोलन के दौरान किए गए धरना-प्रदर्शन, भूख हड़ताल और तालाबंदी को भी प्रदर्शित किया गया। कार्यकर्ताओं ने संदेश दिया कि छात्र एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करें तो प्रशासन को छात्रों की मांगों पर विचार करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। एबीवीपी के अनुसार, लगातार चलाए गए आंदोलन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन को बढ़ाई गई फीस और छात्रावास शुल्क वापस लेने का निर्णय लेना पड़ा। परिषद ने इसे छात्रों के संघर्ष और संगठन की जीत बताया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन छात्रों के अधिकारों और शिक्षा को आम विद्यार्थियों की पहुंच में बनाए रखने के लिए किया गया था। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आंदोलन से जुड़े घटनाक्रम और संघर्ष को विद्यार्थियों तक पहुंचाया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
