पांवटा में चिट्टे के साथ आरोपी अरेस्ट
गश्त पर एसआईयू ने पकड़ी चार ग्राम हेरोइन
कार्यालय संवाददाता – पांवटा साहिब
नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला सिरमौर की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट टीम ने पांवटा साहिब में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 4.14 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस जानकारी के अनुसार 27 अगस्त को एसआईयू की टीम सूरजपुर क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि खिजराबाद, यमुनानगर निवासी साकिर पुत्र सुलेमान काफी समय से पांवटा साहिब व आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा/स्मैक बेचने का अवैध धंधा कर रहा है। सूचना में बताया गया कि आरोपी आज भी खिजराबाद से चिट्टे की खेप लेकर मोटरसाइकिल पर बातापुल चौक से पुरुवाला की ओर आ रहा है।
यदि समय रहते उसे पकड़ा जाए तो भारी मात्रा में नशा बरामद हो सकता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर नाकाबंदी की। कुछ ही देर बाद आरोपी मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4.14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस थाना पांवटा साहिब लाया गया, जहां उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस पूछताछ में जुटी है कि आरोपी चिट्टा लाया कहां से। उधर एसपी एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है और कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
