ऊना में सात सितंबर को होगी ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथन’
सीएम करेंगे अगवाई, डीसी ने अधिकारियों के साथ की तैयारियों की समीक्षा, युवा वर्ग की अधिक भागीदारी पर जोर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
हिमाचल को नशामुक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रहे व्यापक जन-जागरूकता अभियान के तहत 7 सितंबर को ऊना में ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथन’ का आयोजन किया जाएगा। वॉकाथन के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने आज जिला परिषद सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 7 सितंबर, सोमवार को प्रात: करीब 10 बजे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इंदिरा स्टेडियम ऊना से ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और स्वयं भी वॉकाथन में शामिल होकर प्रतिभागियों के साथ चलेंगे।
प्रस्तावित रूट के अनुसार वॉकाथॉन इंदिरा स्टेडियम ऊना से आरंभ होकर बस स्टैंड के समीप यू-टर्न लेते हुए वापस इंदिरा स्टेडियम में संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवाओं एवं उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की ‘एंटी-चिट्टा शपथ’ भी दिलाएंगे। इस दौरान वे युवाओं से संवाद भी करेंगे। वॉकाथन का उद्देश्य युवाओं को चिट्टे एवं अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशे के खिलाफ सामूहिक चेतना को और मजबूत करना है। उपायुक्त ने कहा कि वॉकाथन में कक्षा नौवीं से लेकर कालेज के अंतिम वर्ष तक के विद्यार्थियों को मुख्य लक्षित समूह के रूप में जोड़ा जा रहा है। संबंधित शिक्षण संस्थानों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से युवाओं तक पहुंचाया जा सके। बैठक में सहायक आयुक्त विनय मोदी, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम, नगर निगम ऊना के आयुक्त पृथी पाल सिंह, कमांडेंट गृह रक्षक हितेश लखनपाल, डीएसपी मोहन रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके वर्मा, एमएस डा. संजय मनकोटिया, जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
