कबाड़ कारोबारी की जान लेने की कोशिश, बदमाशों ने तीन बार किया फायर का प्रयास, ऐसे बची जान

By: Aug 11th, 2026 12:11 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़

नालागढ़ के नंगल में सोमवार को दिनदहाड़े कबाड़ कारोबारी को गोली मारने पहुंचे दो नकाबपोश बदमाशों का मंसूबा ऐन वक्त पर पिस्टल नहीं चलने से नाकाम हो गया। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे बिना नंबर की बाइक पर कबाड़ के गोदाम पर पहुंचे बदमाशों ने कारोबारी पर पिस्टल तानकर तीन बार फायर करने का प्रयास किया, लेकिन हर बार गोली नहीं चली। इसके बाद दोनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी और महज आधे घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को ढेरोंवाल बैरियर के समीप हथियारों समेत दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी कुख्यात गैंगस्टर पवन कौशल चौधरी गैंग के गुर्गे बताए जा रहे हैं। उनके कब्जे से दो पिस्टल और 15 जिंदा रौंद बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह पुत्र स्वतंत्र सिंह निवासी जिला कैथल तथा मनप्रीत सिंह पुत्र गुरचरण सिंह निवासी जिला संगरूर पंजाब के रूप में हुई है।

दोनों को मंगलवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड मांगा जाएगा। पुलिस को दिए बयान के मुताबिक वीर कुमार गुप्ता पुत्र राम चंद गुप्ता निवासी नंगल की दभोटा रोड पर कबाड़ की दुकान है। सोमवार सुबह उनका बेटा हर्षराज मौजूद था। इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल पर दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। इनमें से एक युवक बाइक से उतरकर दुकान की तरफ आया और पिस्टल निकालकर सीधे हर्षराज पर तान दी। आरोपी ने एक के बाद एक तीन बार फायर करने का प्रयास किया, लेकिन पिस्टल से गोली नहीं चली। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर नालागढ़ की ओर भाग निकले। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के दिशा-निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित कर क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई। एसएचओ नालागढ़ राकेश राय की अगवाई में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों के भागने के रास्तों पर घेराबंदी की। पुलिस की मुस्तैदी के चलते वारदात के महज आधे घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को ढेरोंवाल बैरियर के समीप दबोच लिया गया।

पवन गैंग के आरोपी

पुलिस जांच में पकड़े गए दोनों युवकों के गैंगस्टर पवन कौशल चौधरी गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए दोनों के संपर्कों और नेटवर्क को खंगालना शुरू कर दिया है।

साजिश और गैंग नेटवर्क की जांच जारी

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि कबाड़ कारोबारी पर जानलेवा हमले की सूचना मिलते ही विशेष पुलिस टीमें गठित कर नाकेबंदी की गई। पुलिस ने महज आधे घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को ढेरोंवाल बैरियर के समीप गिरफ्तार कर लिया।

एक माह पहले धमकी देकर मांगी गई थी फिरौती

कबाड़ कारोबारी को करीब एक माह पहले मिली धमकी और फिरौती की मांग भी पुलिस जांच की अहम कड़ी बन गई है। बताया जा रहा है कि वर्चुअल नंबर के जरिए कारोबारी को धमकाया गया था और उससे पिफरौती मांगी गई थी। इसके करीब एक माह बाद हथियारों से लैस दो नकाबपोश युवकों का सीधे गोदाम पर पहुंचकर तीन बार फायर करने का प्रयास करना मामले को गंभीर बना रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App