ऑटो सेक्टर में तेजी जारी, जुलाई में यात्री वाहनों की बिक्री 4.57 लाख के पार
नई दिल्ली। वाहनों की बिक्री में पिछले साल सितंबर में शुरू हुई तेजी अब तक जारी है और थोक बिक्री के मामले में जुलाई महीने का नया रिकॉर्ड बना है। वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2026 में घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की बिक्री 34.3 प्रतिशत के जबरदस्त उछाल के साथ 4,57,810 इकाई पर पहुंच गई। इसमें कार, उपयोगी वाहन और वैन शामिल हैं।
दुपहिया वाहनों की बिक्री 22.6 प्रतिशत बढ़ी और 19,23,484 इकाई दर्ज की गयी। इसमें मोटरसाइकिलों की बिक्री 10,74,796 इकाई और स्कूटरों की 7,98,190 इकाई रही। सालाना आधार पर इनमें क्रमशः 20.7 प्रतिशत और 23.7 प्रतिशत का इजाफा हुआ। जुलाई में कुल 50,497 मोपेड बिके। इसमें 48.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
तिपहिया की बिक्री 92,560 इकाई रही जो एक साल पहले के मुकाबले 33.4 प्रतिशत अधिक है। यात्री सेवा वाले तिपहिया की बिक्री 32.9 प्रतिशत ऊपर 77,994 इकाई पर और मालवाहक तिपहिया की 40.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 12,896 इकाई पर पहुंच गई। ई-रिक्शा की बिक्री 1,132 इकाई और ई-कार्ट की 538 इकाई पर रही। इनमें क्रमशः 7.5 प्रतिशत और 16.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने जुलाई के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यात्री वाहन, तिपहिया और दुपहिया तीनों श्रेणियों में दहाई प्रतिशत की मजबूत वृद्धि देखी गई है। यह सकारात्मक रफ्तार पिछले कुछ समय से जारी है। अब त्योहारी मौसम आने वाला है जिसमें ग्राहक धारणा मजबूत बने रहने की उम्मीद है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
