सेब बागीचे में भालू का हमला, ग्रामीण घायल
ठाड़ा गांव में दोपहर को हुई घटना, प्राथमिक उपचार के बाद रामपुर अस्पताल रैफर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रामपुर बुशहर
रामपुर क्षेत्र के सराहन फॉरेस्ट रेंज की भागवत बीट के अंतर्गत ठाड़ा गांव में गुरुवार दोपहर सेब के बगीचे में काम कर रहे एक व्यक्ति पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में सुभाष चंद्र पुत्र दौलत राम घायल हो गए। सुभाष चंद्र सेब के बगीचे में काम कर रहे थे, तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें सराहन अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए महात्मा गाँधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी रामपुर हॉस्पिटल को रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में भालू की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग से गश्त बढ़ाने और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने की मांग की है। घटना के बाद ठाड़ा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, विशेषकर जंगल व बगीचों के आसपास अकेले न जाने तथा भालू दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है। विभाग की ओर से प्रभावित क्षेत्र में नियमित गश्त और आवश्यक सतर्कता बढ़ाने की बात कही गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
