हर विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकालेगी भाजपा, शिमला से राज्यस्तरीय अभियान का आगाज
युवाओं में राष्ट्रभक्ति बढ़ाने पर जोर
वरिष्ठ संवाददाता-शिमला
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश भर में जिला और विधानसभा स्तर पर तिरंगा यात्रा निकालेगी। युवाओं और नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना और अधिक मजबूत हो, इसके लिए संगठन स्तर पर यह फैसला हुआ है। लिहाजा शनिवार को शिमला में राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा के आयोजन के साथ भाजपा की इस मुहिम का आगाज हो गया है। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को भाजपा की राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा के दौरान पहाड़ों की रानी शिमला वंदे मातरम और भारत माता की जय के उद्घोषों से गुंजामयान हो उठी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और सांसद सुरेश कश्यप की अगुवाई में यह यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ सीटीओ चौक से हुआ और यह नाज चौक, लोअर बाजार, मॉल रोड होते हुए रिज स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंची तथा राष्ट्रगान के साथ इसका समापन हुआ।
यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता के 80 वर्ष पूरे होना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर निर्णय लिया है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रत्येक जिला और विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, ताकि युवाओं और नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना और अधिक मजबूत हो। जयराम ठाकुर ने प्रदेशवासियों को आगामी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
