हिमाचल के हर जिला और विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकालेगी भाजपा

By: Aug 8th, 2026 4:54 pm

अजय शर्मा—शिमला

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश भर में जिला और विधानसभा स्तर पर तिरंगा यात्रा निकालेगी। युवाओं और नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना और अधिक मजबूत हो, इसके लिए संगठन स्तर पर यह फैसला हुआ है। लिहाजा शनिवार को शिमला में राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा के आयोजन के साथ भाजपा की इस मुहिम का आगाज हो गया है। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को भाजपा की राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा के दौरान पहाड़ों की रानी शिमला वंदे मातरम और भारत माता की जय के उदघोषों से गुंजामयान हो उठी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और सांसद सुरेश कश्यप की अगुवाई में यह यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ सीटीओ चौक से हुआ और यह नाज चौक, लोअर बाजार, मॉल रोड होते हुए रिज स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंची तथा राष्ट्रगान के साथ इसका समापन हुआ।

यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता के 80 वर्ष पूरे होना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान ने देशभर में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सशक्त किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर निर्णय लिया है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रत्येक जिला और विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, ताकि युवाओं और नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना और अधिक मजबूत हो। जयराम ठाकुर ने प्रदेशवासियों को आगामी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।

इस मौके पर सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि देश इस वर्ष अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। यह उन लाखों स्वतंत्रता सेनानियों, वीर सैनिकों और मातृभूमि के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर है, जिन्होंने तिरंगे की आन, बान और शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में तिरंगा यात्राओं के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचा रही है तथा प्रत्येक नागरिक से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा में संजीव दृष्टा, संजय सूद, सुरेश भारद्वाज, बलबीर वर्मा, केशव चौहान, रवि मेहता, कुसुम सदरेट, सुदीप महाजन, प्यार सिंह कंवर, मोनू भारद्वाज, राजीव पंडित, पिंकू चौहान, गणेश दत्त, गुरमीत सिंह, हनीश चोपड़ा, योगराज, राहु ठाकुर, भरत भूषण सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

संसद को सुचारू रूप से चलने का कागं्रेस से आग्रह

लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि पिछले दो सप्ताह से कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के कारण संसद का कामकाज लगातार बाधित हो रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर के सांसद अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, विकास कार्यों, प्राकृतिक आपदाओं और जनसमस्याओं को संसद में उठाना चाहते हैं, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण संसद का बहुमूल्य समय नष्ट हो रहा है। उन्होंने कांग्रेस से संसद को सुचारू रूप से चलने देने की अपील की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App