बस-स्कूटी की टक्कर, दो की मौत, मनाली-चंडीगढ़ एनएच पर पेश आया दर्दनाक हादसा
कार्यालय संवाददाता-कुल्लू
मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाई-वे पर एक दर्दनाक सडक़ हादसे में एक युवक और युवती की मौत हो गई। हादसा डोहलूनाला टोल प्लाजा से करीब 100 मीटर आगे मनाली की तरफ हुआ, जहां बस और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ पीछे बैठे युवक ने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 9:45 पर मनाली की ओर जा रही बस की टक्कर स्कूटी से हो गई। हादसे में स्कूटी चला रही कशिश निवासी सेहली जिला मंडी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं स्कूटी पर पीछे बैठे आदित्य निवासी त्रिफालघाट जिला मंडी को गंभीर हालत में उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया,जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पतलीकूहल पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद पुलिस द्वारा दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा वाहनों की स्थिति और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी देखा जा रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए है। मामले की पुष्टि एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने की है। इस दर्दनाक हादसे से मंडी जिला से संबंध रखने वाले दोनों मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
