रक्षाबंधन पर ऑनलाइन खरीदने वाले हैं गिफ्ट, ये गलती की तो हो सकता है साइबर फ्रॉड; रहें सावधान

By: Aug 8th, 2026 9:45 pm

ऑनलाइन ठगी से बचने को साइबर सेल ने जारी की एडवाइजरी

ग्राहकों को लूटने के नए-नए तरीके इस्तेमाल कर रहे शातिर

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

राखी के त्योहारी सीजन के चलते ऑनलाइन शॉपिंग के लिए ऑफर की बहार आई हुई है। त्योहारी सीजन में बड़ी छूट के चक्कर में लोग ऑनलाइन शॉपिंग को प्रमुखता दे रहे हैं। लोगों के इस मूड को भांपते हुए कंपनियां भी ग्राहकों को लुभाने के लिए तरह-तरह के ऑफर दे रही हैं। कहीं एक सामान की खरीद पर 40-50 फीसदी तक की छूट का ऑफर दिया जा रहे हैं, तो कहीं महंगे इलेक्ट्रॉनिक्स सामान खरीदने के लिए शून्य ब्याज दर पर कर्ज देने का ऑफर। ऐसे किसी भी बंपर ऑफर पर क्लिक करते समय ग्राहकों को बेहद सावधान रहना चाहिए, क्योंकि हो सकता है कि असली जैसा दिखने वाला ऑफर कोई ठगी का लिंक हो और इस पर क्लिक करते ही शातिर आपके बैंक खाते से राशि निकाल सकते हैं।

इन दिनों ग्राहकों को लूटने के लिए शातिरों ने नए-नए तरीके इस्तेमाल करने शुरू कर दिए हैं। इनमें असली-नकली की पहचान करना मुश्किल हो गया है। कई बार फर्जीवाड़ा करने के लिए असली कंपनी के रूप-रंग और डिजाइन की वेबसाइट भी बना दी जाती है। इन पर क्लिक करते ही आपकी सारी गोपनीय जानकारी शातिरों के पास पहुंच जाती है। त्योहारी सीजन में ऑनलाइन शॉपिंग को लेकर ठगों से बचने के लिए साइबर सेल ने भी अलर्ट जारी किया है। एडवाइजरी में बताया है कि त्योहारी सीजन में किसी भी कंपनी का ऑफर स्वीकार करने से पहले कंपनी के सोशल मीडिया अकाउंट की अवश्य जांच कर लें। इसके बाद भी यदि कुछ शंका हो, तो कंपनी के आसपास की शाखा या शोरूम पर जाकर ऑनलाइन बाजार के लिए दिए जा रहे ऑफर की जानकारी जरूर लें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App