कार में चरस और कैश, आरोपी अरेस्ट

By: Aug 29th, 2026 12:50 am

नाके पर पुलिस के हत्थे चढ़े आनी के दोनों तस्कर; केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस, आपराधिक रिकार्ड खंगालेगी
निजी संवाददाता-अर्की
पुलिस थाना अर्की की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कार की जांच के दौरान दो लोगों से 705.96 ग्राम चरस और 14 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना अर्की की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान कार रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 705.96 ग्राम चरस और साथ ही 14,000 रुपए कैश मिला है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम चंंद (31) निवासी गांव चंदा द्रौण, डाकघर जाओ, तहसील आनी, जिला कुल्लू तथा शादी लाल (36) निवासी गांव रुमाली, डाकघर लड़ागी, तहसील आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अरेस्ट कर कार भी जब्त कर ली है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर केस आगे बढ़ाया जा रहा है।

क्या बोले पुलिस अधीक्षक सोलन एसडी वर्मा
पुलिस अधीक्षक सोलन एसडी वर्मा ने कहा कि पुलिस ने सात सौ ग्राम चरस के साथ आनी के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों का आपराधिक रिकार्ड खंगालेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App