शुभ मुहूर्त में भाईयों की कलाइयों पर सजी रंग बिरंगी राखियां
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
भाई-बहन के पवित्र पर्व रक्षाबंधन पर भाईयों की कलाईयां रंग बिरंगी राखियों से सज उठी। बहनें हसंती -मुस्कुराती हुई अपने मायके में पहुंची तथा भाईयों की आरती उताकर रक्षाबंधन का धार्मिक नियम निभाया। चंदन, कुमकुम और फूलों की थाली में सजे धूप, दीप से भाईयों की आरती उतारी गई। इसके उपरांत कलाई पर राखी बांधकर ताउम्र रक्षा का वचन लिया। बहनों के घर आने वाली भाईयों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे। कई बहनें काफी लंबे अंतराल में अपने मायके में रक्षाबंधन पर्व पर पहुंची। इस रक्षाबंधन की खास बात यह रही कि राखी बांधने का शुभ मुहूर्त सुबह के समय बताया गया था। ऐसे में अपने भाईयों को शुभ मूहूर्त में राखी बांधने के लिए बहनें शुक्रवार तडक़े ही उठ गई थीं।
घर के कामकाज निपटाने के उपरांत इन्होंने अपने मायके की तरफ कदम बढ़ाए। मायके में चरण पड़ते ही पारिवारिक सदस्यों ने उनका हार्दिक अभिनंद किया तथा खुशी व्यक्त की। माता-पिता के चेहरे भी बेटियों को देखकर खिल उठे। रक्षाबंधन के अवसर पर बाजारों में भी काफी रौनक देखने को मिली। गुरुवार को भी हमीरपुर शहर सहित अन्य बाजारों में काफी भीड़ जमा थी। रक्षाबंधन पर्व को लेकर दुकानदारों ने कई तरह के मिष्ठान तैयार कर रखे थे। विभिन्न प्रकार की मिठाइयां तैयार की गई थीं तथा इनकी खूब खरीद हुई है। अधिकांश मिठाइयों की खरीद गुरुवार को ही कर ली गई थी तथा शुक्रवार को भी मिठाई दुकानदारों ने अच्छी कमाई की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
