नीट पेपर लीक और भर्ती धांधली के खिलाफ हिमाचल में कांग्रेस चलाएगी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान
वरिष्ठ संवाददाता-शिमला
नीट पेपर लीक समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली समेत अन्य मुद्दों पर कांग्रेस का छात्रों की गूंज अभियान प्रदेश में जोर पकड़ेगा। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी जिला अध्यक्षों को निर्देश जारी कर दिए है। कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इस अभियान को चला रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि पार्टी के इस राष्ट्रीय अभियान को राज्य के सभी जिलों में प्रदेश कांग्रेस सफलतापूर्वक पूरा करेगी।
उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने शनिवार को भाजपा पर एक मर्तबा फिर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा देश में धार्मिक कट्टरता व छुआछुत को बढ़ावा देते हुए आरएसएस की विचाराधारा पर काम कर रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे के सभा स्थल का शुद्धिकरण भाजपा और आरएसएस का छुआछूत धार्मिक कट्टरपंथी सोच का प्रत्यक्ष प्रमाण है , जिसे किसी भी स्तर पर सहन नही किया जा सकता।
विनय कुमार ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की उस मांग का पुरजोर समर्थन किया है जिसमें उन्होंने इस अपराध के दोषी नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ साथ संविधान का अपमान किया है, इसलिए उन्हें देश से भी माफी मांगनी चाहिए। वहीं विनय कुमार ने भाजपा पर देश में सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाडऩे की कोशिश करने का भी आरोप जड़ा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में भाजपा के खिलाफ नीट पेपर लीक,परीक्षाओं एवं भर्ती में धांधली , बेरोजगारी, शिक्षा के व्यवसायीकरण, देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़,राम मंदिर चंदा चोरी जैसे गंभीर मसलों को जनता की अदालत में रखने जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
