नशे की लत से लगातार बढ़ रहा क्राइम, लोगों में डर

By: Aug 29th, 2026 12:48 am

निजी संवाददाता – सतौन
पांवटा साहिब क्षेत्र में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं अब आम लोगों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं। हत्या, मारपीट, नशे का कारोबार, चोरी और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में बढ़ोतरी ने क्षेत्र के लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। हाल ही में पांवटा साहिब के विश्वकर्मा चौक के पास एक फल व्यापारी की निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सरस संस्था के पदाधिकारी राजेश कुमार, दीप राम, बलबीर, रमेश चंद आदि का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण पांवटा साहिब में बाहरी तत्त्वों की गतिविधियां भी बढ़ी हैं। वहीं युवाओं में नशे की बढ़ती लत अपराध को बढ़ावा देने का एक बड़ा कारण मानी जा रही है। अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों का मानना है कि केवल पुलिस कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा। नशा रोकथाम अभियान, युवाओं को रोजगार, स्कूल-कालेजों में जागरूकता कार्यक्रम और समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App