मुद्-फरा पुल में देरी जनसुरक्षा से खिलवाड़
उफनती नदी को ट्रैक्टर से पार कर रहे ग्रामीण, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा, भाजयूमो ने सरकार और प्रशासन को चेताया
कार्यालय संवाददाता-काजा
स्पीति घाटी के मुद् गांव में फरा पुल के निर्माण में हो रही देरी को लेकर भाजपा युवा मोर्चा स्पीति मंडल ने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ कड़ा रोष जताया है। भाजयुमो स्पीति मंडल अध्यक्ष दोरजे नमज्ञाल ने कहा कि मुद् गांव के ग्रामीण लंबे समय से फरा पुल के निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन वर्षों बीत जाने के बावजूद इस दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन की कथित अनदेखी के कारण ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ रही है। दोरजे नमज्ञाल ने कहा कि हाल ही में मुद् गांव का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें ग्रामीण उफनती नदी को ट्रैक्टर के माध्यम से पार करते हुए दिखाई दे रहे हैं। नदी का बहाव इतना तेज था कि ट्रैक्टर बहते-बहते बाल-बाल बचा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपनी जरूरतों के लिए मजबूरी में इस खतरनाक रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं। खेतों से मवेशियों के लिए घास और अन्य जरूरी सामान लाने-ले जाने के दौरान किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है।
भाजयुमो मंडल अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर सरकार व्यवस्था परिवर्तन का दावा करती है, जबकि दूसरी ओर ग्रामीणों को मूलभूत सुविधा के लिए अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार ग्रामीणों की जान की कीमत पर राजनीति कर रही है। क्या लोगों को अपने ही खेतों तक पहुंचने के लिए उफनती नदी पार करनी पड़ेगी, पुल निर्माण के कार्य में आखिर इतनी देरी क्यों की जा रही है। दोरजे नमज्ञाल ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग की है कि जनहित और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुद्-फरा पुल के निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करवाया जाए और इसे निर्धारित समय में पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ग्रामीणों की इस मांग पर कार्रवाई नहीं की गई और इस दौरान कोई अप्रिय घटना घटती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और प्रशासन की होगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
