फिर शर्मसार हुई दिल्ली! स्लीपर बस में ड्राइवर-कंडक्टर ने नाबालिग से किया गैंगरेप

By: Aug 31st, 2026 12:51 pm

नई दिल्ली। दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक स्लीपर बस में 16 साल की बच्ची से गैंगरेप की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया। दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस ड्राइवर और कंडक्टर को अरेस्ट कर लिया है। वारदात बीते 4 अगस्त की रात की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं क्लास में पढ़ती है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, छात्रा घरवालों से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई थी और नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण छात्रा गलती से परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी। छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया जिसके बाद बस रुक गई। ड्राइवर-कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 जाने की बात कहकर बस में बैठा लिया। आरोप है कि बस चलने के कुछ देर बाद कंडक्टर ने पीड़िता के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। पीड़िता के मुताबिक, ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ रेप किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

आरोपी पीड़िता को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतारकर फरार हो गए। घबराई हुई छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तिमारपुर की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को जब्त कर लिया है और उसकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी बस में खराबी आने के बाद बस को सूरजपुर की वर्कशॉप में रिपेयरिंग के लिए लेकर गए थे। बस की रिपेयरिंग के बाद ड्राइवर और कंडक्टर खाली बस लेकर तिमारपुर जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर छात्रा उन्हें मिली। परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर का सफर बस ने तय किया। बस स्लीपर थी और उसमें पर्दे लगे थे, जिस वजह से किसी भी राहगीर को बस के अंदर का दिखाई नहीं दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App